पंडरिया।प्रदेश राजनीति का एक बड़ा नाम लोरमी विधायक धर्मजीत सिंह ने रविवार को भाजपा का दामन थाम लिया। श्री सिंह ने रायपुर में कुशाभाऊ ठाकरे भाजपा कार्यालय में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया, पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ.रमन सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष,सांसद अरुण साव एवं अन्य वरिष्ठ नेताओं ने श्री सिंह को भाजपा की सदस्यता दिलाई। श्री सिंह के भाजपा में शामिल होने पर नगर के गांधी चौक में आतिशबाजी की गई तथा मिठाइयां बांटी गई। पंडरिया क्षेत्र में भी आमजन के बीच उनकी काफी लोकप्रियता है, इसी वजह से पंडरिया भाजपा के कार्यकर्ताओं में बेहद उत्साह देखने को मिल रहा है।
एक तरफ जहां कांग्रेस अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे का स्वागत कर रही थी,वहीं भाजपा ने श्री सिंह को भाजपा में शामिल कर बड़ा राजनीतिक दांव खेला है। क्योंकि कई बार प्रदेश कांग्रेस के बड़े नेताओं की तरफ से धर्मजीत सिंह की कांग्रेस वापसी की खबर मिलती थी,लेकिन भाजपा ने उनको अपनी पार्टी में शामिल कर लिया।राजनीतिक सलाहकारों व भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि धर्मजीत सिंह के भाजपा प्रवेश पर कबीरधाम, बिलासपुर व मुंगेली जिले में भाजपा बेहद मजबूत होगी।
पंडरिया में भाजपा नेता चंद्रकुमार सोनी,कुलदीप छाबड़ा व कल्याण सिंह ठाकुर ने जश्न मनाने के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि धर्मजीत सिंह ने पंडरिया में जन्म लिया है,उनका नाता पंडरिया वासियों से दिल का है।इससे क्षेत्र की जनता को लाभ मिलेगा। उनके भाजपा में शामिल होने पर सभी कार्यकर्ताओं में उत्साह व्यक्त करते हुए कहा कि श्री सिंह का पंडरिया आगमन पर भव्य स्वागत किया जाएगा।

इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष गजपाल साहू, वरिष्ठ नेता कुलदीप छाबड़ा, पूर्व मंडल अध्यक्ष कल्याण सिंह, वरिष्ठ नेता चंद्र कुमार सोनी, वरिष्ठ नेता जनक चंद्राकर, सांसद प्रतिनिधि नवल किशोर पांडे ,नगर पंचायत उपाध्यक्ष विशाल शर्मा मंडल महामंत्री पद्मराज टंडन, तुलस कश्यप, अनुराग ठाकुर, संजय सोनी, मीडिया प्रभारी अमन पाठक उपस्थित थे।