साक्षरता की ओर बढ़ते कदम: सगौनाडीह के 60 नवसाक्षर देंगे ‘उल्लास महापरीक्षा’

पंडरिया।उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रव्यापी महापरीक्षा अभियान का आयोजन आगामी 27 सितंबर को प्रातः 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक किया जाएगा। इसी कड़ी में विकासखंड पंडरिया के ग्राम सगौनाडीह में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया।


इस अवसर पर विकासखंड परियोजना अधिकारी शत्रुघ्न प्रसाद डड़सेना ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस महापरीक्षा में 15 वर्ष से अधिक उम्र के ऐसे शिक्षार्थियों को सम्मिलित कराया जा रहा है, जो शिक्षा की मुख्यधारा से कटे हुए थे या जो प्रारंभ से ही शाला त्यागी रहे हैं। इसके अलावा, ऐसे नवसाक्षर जिन्होंने साक्षरता कक्षा में ‘उल्लास प्रवेशिका’ के 200 घंटे की पढ़ाई पूरी कर ली है, उन्हें भी इस महापरीक्षा अभियान में सम्मिलित कराया जा रहा है।
बच्चों के समग्र विकास के लिए समर्पित एवं मार्गदर्शक व्याख्याता संतोष कुमार साहू ने बताया कि उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम सगौनाडीह में 60 परीक्षार्थियों को साक्षर बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि वे साक्षरता केंद्रों में पढ़ने-लिखने वाले शिक्षार्थियों को परीक्षा में शामिल होने हेतु प्रोत्साहित करें।


प्रधानपाठक पलटन राम पटेल ने भी सभी नवसाक्षरों को इस महापरीक्षा अभियान में सम्मिलित होने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रधानपाठक पलटन राम पटेल, रमेश कुमार बंजारा, शिक्षक रामेश्वर भास्कर, अर्जुन जायसवाल, शिक्षिका सखीना गोटे एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।