“समर्पण निःशुल्क कोचिंग क्लास, आगेसरा” के प्रथम वर्षगांठ पर लगाए गए 100 विभिन्न प्रजाति के पौधे….पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पहल

पाटन।ग्राम पंचायत स्तर पर संचालित छत्तीसगढ़ का प्रथम निःशुल्क कोचिंग सेंटर “समर्पण निःशुल्क कोचिंग क्लास, आगेसरा” ने अपनी प्रथम स्थापना वर्षगांठ के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल करते हुए 100 विभिन्न प्रजातियों के औषधीय, छायादार एवं फलदार वृक्षों का पौधारोपण कर अपने संकल्प को साकार किया। विशेष बात यह रही कि लगाए गए सभी पौधों की ऊँचाई लगभग 4 से 5 फीट थी, जिससे उनके शीघ्र विकसित होने की संभावना अधिक है।

यह वृक्षारोपण अभियान ग्राम पंचायत आगेसरा के सहयोग से माँ वृंदा देवी डिंडा कपाट धाम प्रांगण एवं मुक्तिधाम परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनके संरक्षण एवं संवर्धन का सामूहिक संकल्प लेना भी था।

इस अवसर पर विद्यार्थियों, अभिभावकों, ग्रामवासियों, वरिष्ठ नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। बच्चों को प्रकृति संरक्षण के महत्व से अवगत कराते हुए प्रत्येक व्यक्ति से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया गया।

समर्पण निःशुल्क कोचिंग क्लास, आगेसरा पिछले एक वर्ष से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है। यह संस्था शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, जनसेवा एवं मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए भी निरंतर कार्यरत है। प्रथम वर्षगांठ पर आयोजित यह वृक्षारोपण अभियान संस्था की सामाजिक प्रतिबद्धता एवं हरित भविष्य के प्रति समर्पण का प्रतीक है।

कार्यक्रम के अंत में रमाकांत साहू ने सभी उपस्थित नागरिकों, विद्यार्थियों, सहयोगियों एवं ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी शिक्षा, सेवा, पर्यावरण संरक्षण तथा समाजहित के ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर श्री सरजू राम साहू, श्री नंदकुमार पटेल, श्री जसवंत साहू, श्री कमलेश्वर साहू, श्री सियाराम साहू, श्री विजय सोनी, श्री छबलू साहू, श्री संजू साहू, श्रीमती पूनम पटेल, श्री खिलेश्वर साहू, श्री संतोष साहू, श्री भानु साहू, श्री पोषण पटेल, श्री ईश्वरी साहू, श्रीमती प्रेमलता साहू सहित अनेक वरिष्ठ नागरिक, जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।