पाटन।।सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण विभाग जिला दुर्ग द्वारा आयोजित 21 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर वर्ष 2026-27 का सफलतापूर्वक समापन किया गया। यह प्रशिक्षण शिविर 11 मई 2026 से 31 मई 2026 तक सब-जूनियर एवं जूनियर बालक-बालिका वर्ग के लिए संचालित किया गया था।

शिविर का समापन 31 मई को खेलो इंडिया लघु कबड्डी प्रशिक्षण केंद्र मर्रा, पाटन में आयोजित समारोह के साथ हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत मर्रा के सरपंच मुकेश देवांगन थे। कार्यक्रम में पीटीआई मर्रा संतोष कुमार यादव, हेमंत कुमार, ओमप्रकाश चंद्राकर, योग प्रशिक्षक धीरेन्द्र कुमार तथा खेलो इंडिया कबड्डी लघु केंद्र के प्रशिक्षक भरत लाल ताम्रकार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा जारी प्रमाण पत्र कबड्डी प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने वाले सब-जूनियर एवं जूनियर बालक-बालिका खिलाड़ियों को वितरित किए गए। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने और जिले व प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण श्री ए. एक्का की ओर से सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। उपस्थित अतिथियों ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें बेहतर अवसर प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समापन समारोह के साथ ही 21 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का सफल समापन हुआ और खिलाड़ियों ने भविष्य में भी खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।






