वनांचल बेलरगांव क्षेत्र के 28 विद्यार्थियों एवं 10 शिक्षकों का राजभवन में सम्मान : गौरव और प्रेरणा का ऐतिहासिक क्षण

नगरी/सिहावा, बेलरगांव।धमतरी जिले के वनांचल आदिवासी क्षेत्र बेलर गाँव एवं आसपास के विद्यालयों के लिए अत्यंत हर्ष और गर्व का विषय है कि 22 विद्यार्थियों का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय में हुआ। इन सभी चयनित विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ के माननीय राज्यपाल रमेन डेका जी द्वारा राजभवन में सम्मानित किया गया।
साथ ही दूरस्थ वनांचल क्षेत्र में रहकर सीमित संसाधनों के बावजूद गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने वाले 10 समर्पित शिक्षकों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके अथक परिश्रम, समर्पण और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
इसी क्रम में 22 विद्यार्थियों के साथ निरंतर अभ्यास और मार्गदर्शन से स्पोकन इंग्लिश में दक्षता प्राप्त करने वाले 5 विद्यार्थियों को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया। वहीं कक्षा 7वीं की गरिमा पलक साहू को ‘AI Content Creator’ के रूप में सम्मानित किया जाना इस क्षेत्र के बच्चों की आधुनिक तकनीक में बढ़ती प्रतिभा और जागरूकता को दर्शाता है।
राज्यपाल महोदय द्वारा सभी 28 विद्यार्थियों को सम्मान स्वरूप ₹5000 प्रति विद्यार्थी की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। यह प्रोत्साहन राशि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
यह ऐतिहासिक उपलब्धि सम्माननीय तुमनचंद साहू, श्रीमती रंजीता साहू, श्री महेश सोरी जी, सरपंच महेश मरकाम जी, जनपद सदस्य श्री शिवनाथ मरकाम जी एवं सरपंच महोदया बरबांधा-गढ़डोंगरी के सानिध्य एवं अथक प्रयासों से संभव हो सकी। प्रतिभावान छात्रों एवं उत्कृष्ट शिक्षकों को राजभवन में महामहिम राज्यपाल के करकमलों से सम्मान प्राप्त होना वास्तव में जीवन का अविस्मरणीय क्षण है — यह अच्छे कर्मों का प्रतिफल है।
कठिन परिस्थितियों के बावजूद यहाँ के विद्यार्थी डिजिटल शिक्षा और स्मार्ट टीवी जैसे संसाधनों का उपयोग कर निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत है और यह सिद्ध करती है कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और सही मार्गदर्शन से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
सभी कर्मठ साथियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ। इसी प्रकार दुगुने उत्साह के साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहें।