जांच के लिए कतार में लगी 35 गर्भवती महिलाएं घंटों इंतजार के बाद बिना जांच कराए वापस हुईं, चिकित्सक ही नहीं पहुंचे, अव्यवस्था का आलम

भिलाई तीन। स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार को जांच के लिए पहुंची गर्भवती महिलाओं को घंटों परेशान होना पड़ा। जांच के लिए स्वास्थ्य केंद्र में दोपहर तक महिला डाक्टर नहीं आई।

जानकारी के अनुसार, प्रत्येक माह की नौ एवं 24 तारीख को गर्भवती माताओं की विशेष जांच की जाती है। निर्धारित तिथि पर सुबह नौ बजे से ही महिलाएं अस्पताल पहुंचने लगी थीं। दोपहर दो बजे तक लगभग कुल 63 ओपीडी की पर्ची कटी थी इसमें 35 गर्भवती महिलाएं जांच के लिए मौजूद रहीं, लेकिन इस दौरान महिला डाक्टर नहीं पहुंचीं। लंबे इंतजार के कारण महिलाओं और उनके परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। अस्पताल में मौजूद कर्मचारियों द्वारा केवल आश्वासन दिया जाता रहा कि डाक्टर आने वाली हैं, लेकिन घंटों बीत जाने के बाद भी कोई चिकित्सकीय जांच नहीं हो सकी। मरीजों ने आरोप लगाया कि पहले भी इसी तरह की स्थिति बन चुकी है, बावजूद इसके व्यवस्था में सुधार नहीं हो पाया है। इस दौरान अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति को लेकर भी मरीजों और उनके परिजनों ने नाराजगी जताई।

वर्शन

शिकायत प्राप्त हुई है। संबंधित चिकित्सक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है और आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

  • डा. बी. कठौतिया, बीएमओ पाटन