ऑटोमोबाइल न्यूज़।टाटा मोटर्स ने अपने इलेक्ट्रिक फोर-व्हीलर सेगमेंट की एंट्री लेवल टियागो हैचबैक का फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च कर दिया है। अब ये फेसलिफ्ट मॉडल की सेगमेंट फर्स्ट फीचर्स के साथ आता है। कंपनी इस इलेक्ट्रिक हैचबैक पर अपनी दूसरी कारों की तरह लाइफटाइम बैटरी वारंटी दे रही है। साथ ही, फास्ट चार्जिंग को भी सपोर्ट करेगी। कंपनी ने इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत सिर्फ 6.99 लाख रुपए रखी है। यानी ये देश की सबसे सस्ती ई-कार है। वहीं, इस कार को BaaS सर्विस के साथ भी खरीद पाएंगे। इसके लिए कंपनी ने इसकी कीमत 4.69 लाख रुपए तय की है। यानी ग्राहकों को प्रति किलोमीटर 2.60 रुपए का खर्च आएगा। भारतीय बाजार में इसका मुकाबला MG कॉमेट EV और सिट्रोन eC3 से होगा।

टाटा टियागो EV फेसलिफ्ट के बैटरी पैक और रेंज
टियागो EV दो बैटरी पैक ऑप्शन के दिए गए हैं, जिसमें 19.2kWh और 24kWh शामिल हैं। छोटे बैटरी वाले वर्जन से 62hp और 110Nm पावर मिलती है, जबकि बड़े बैटरी पैक से 75hp और 114Nm पावर मिलती है। 24kWh वाले वर्जन की दावा की गई MIDC रेंज अब 285km है, जो पहले 293km थी। वहीं 19.2kWh वाले वर्जन की दावा की गई रेंज थोड़ी बढ़कर 223km से 226km हो गई है।
कंपनी के मुताबिक, इसकी रियल-वर्ल्ड C75 रेंज क्रमशः 160 से 170km और 205 से 215km है। टाटा का कहना है कि टियागो EV अब 40% तेजी से चार्ज होती है। ये 18 मिनट में 100km की रेंज जोड़ देती है। यह DC फास्ट चार्जिंग को भी सपोर्ट करती है, जिससे 30kW DC फास्ट चार्जर का इस्तेमाल करके दोनों बैटरी को 35 मिनट में 10 से 80% तक चार्ज किया जा सकता है। स्टैंडर्ड तौर पर, टियागो EV में 3.3kW और 7.2kW AC चार्जिंग के ऑप्शन मिलते हैं।
अपडेटेड टियागो EV में चार-लेवल वाली रीजेनरेटिव ब्रेकिंग और सिटी, स्पोर्ट ड्राइव मोड भी मिलते हैं। टाटा का दावा है कि 24kWh वाला वर्जन 5.7 सेकंड में 0-60kph की स्पीड पकड़ लेता है। टाटा मोटर्स 24kWh वाले वर्जन के हाई-वोल्टेज बैटरी पैक पर पहले रजिस्टर्ड ओनर्स को लाइफटाइम अनलिमिटेड किलोमीटर की वारंटी भी दे रही है। 19.2kWh वाले वर्जन पर पहले की तरह ही 8 साल/1.6 लाख km की बैटरी वारंटी मिलती रहेगी।






