नेवई में थाना क्षेत्र में 5 साल की बच्ची से सामूहिक बलात्कार, मोहल्ले में हंगामा, दो नाबालिग लड़कों को नेवई पुलिस ने किया गिरफ्तार

5 साल की बच्ची से सामूहिक बलात्कार, मोहल्ले में हंगामा, दो नाबालिग लड़कों को नेवई पुलिस ने किया गिरफ्तार

भिलाई नगर, । पांच साल की मासूम के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। 13 साल और 10 साल के दो लड़कों ने अपराध को अंजाम दिया है। बच्ची के माता पिता की शिकायत पर नेवई पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके खिलाफ धारा 376 और पाक्सो एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज किया है।

नेवई टीआई भारती मरकाम ने बताया कि आज एक 5 साल की बच्ची के माता पिता ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनकी बच्ची के साथ मोहल्ले के दो लड़कों ने सामूहिक दुष्कर्म किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू की और दोनों लड़कों गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी एक 13 साल का है और दूसरा 10 साल का है। पीड़िता और आरोपी तीनों के माता पिता मेहनत मजदूरी करके पेट पालते हैं। शिकायत में बताया गया शुक्रवार दोपहर 2 बजे सभी काम पर गए थे। बच्ची अपने घर अकेली थी। तभी 13 साल का एक लड़का आया और बच्ची को बहला फुसलाकर अपने घर ले गया। वहां एक 10 साल का और लड़का था। दोनों ने उस बच्ची के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। बाद में बच्ची को उसके घर में छोड़कर दोनों चले गए। जब बच्ची के माता पिता घर आए तो बच्ची रो रही थी फिर उसने पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद मोहल्ले में जमकर झगड़ा भी हुआ और मामला थाना पहुंचा। अब पुलिस मामला दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।