पाटन:,सरपंच से मांगे 5 हजार रुपए, नहीं देने पर झूठी और भ्रामक खबर सोशल मीडिया ने शेयर किया, सरपंच ने पत्रकार के खिलाफ की एसडीएम से शिकायत, जांच कर उचित कार्रवाई की मांग, ग्राम पंचायत लोहरसी का मामला

पाटन। ग्राम पंचायत लोहरसी के संबंध में सोशल मीडिया पर कथित रूप से भ्रामक एवं तथ्यहीन खबर प्रसारित किए जाने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर ग्राम पंचायत लोहरसी के सरपंच राकेश साहू ने एसडीएम पाटन को लिखित शिकायत सौंपकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ जांच एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सरपंच राकेश साहू ने अपने शिकायत पत्र में आरोप लगाया है कि एक व्यक्ति द्वारा स्वयं को एक प्रिंट मीडिया का पत्रकार बताते हुए उनके मोबाइल पर दो खबरें भेजी गईं। इनमें ग्राम पंचायत लोहरसी में अवैध मुरूम खनन किए जाने का आरोप लगाया गया था। सरपंच ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान ग्राम पंचायत क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध मुरूम खनन नहीं हुआ है।
गौठान में मवेशी की मौत को भी बताया गलत तरीके से पेश करने का आरोप
शिकायत में गौठान में मवेशी की मौत का भी उल्लेख किया गया है। सरपंच के अनुसार, खबर में मवेशी की मौत को भूख और अव्यवस्था से जोड़कर प्रस्तुत किया गया, जबकि विगत दिनों क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही थी और एक-दो वृद्ध मवेशियों की मौत हुई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मवेशियों की मौत भूख अथवा अव्यवस्था के कारण नहीं हुई।
खबर रोकने के एवज में ₹5 हजार मांगने का आरोप
सरपंच राकेश साहू ने शिकायत में सबसे गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि संबंधित व्यक्ति द्वारा कथित खबर को सोशल मीडिया पर प्रसारित नहीं करने के बदले उनसे ₹5,000 की मांग की गई थी। सरपंच का आरोप है कि राशि नहीं देने के बाद ग्राम पंचायत के संबंध में कथित रूप से भ्रामक खबरें सोशल मीडिया पर प्रसारित की गईं।
जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग
सरपंच ने एसडीएम पाटन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, सोशल मीडिया पर प्रसारित खबरों की सत्यता की जांच करने तथा यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
सरपंच का कहना है कि बिना तथ्यों की पुष्टि किए इस तरह की खबरों के प्रसारण से न केवल ग्राम पंचायत की छवि प्रभावित होती है, बल्कि ग्रामीणों के बीच भी भ्रम की स्थिति निर्मित होती है। उन्होंने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई की मांग की है।