नगरी/सिहावा, बेलरगांव।चालनालय आयुष विभाग रायपुर, छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार एवं जिला प्रशासन धमतरी तथा जिला आयुष विभाग धमतरी के सौजन्य से विकासखंड नगरी के ग्राम घठुला में मंगलवार को एकदिवसीय निःशुल्क विकासखंड स्तरीय आयुष स्वास्थ्य मेला आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि के तैलचित्र पर माल्यार्पण, पूजन एवं स्तवन कर किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत घठुला की सरपंच सरिता ध्रुव, उपसरपंच वेदराम साहू, तोरण ध्रुव, शत्रुघ्न साहू, ललित प्रजापति, कन्हैया साहू एवं ग्राम सचिव बलराम चंदन सहित अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

जिला आयुष अधिकारी डॉ. कृपा राम ठाकुर के मार्गदर्शन में एवं शिविर प्रभारी डॉ. रविन्द्र कुमार वर्मा के सहयोग से शिविर का सफल आयोजन एवं संचालन किया गया।

आयुष स्वास्थ्य मेले में कुल 616 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। शिविर में 140 लोगों की रक्त जांच की गई, जिसमें जांच के दौरान 12 मरीजों में रक्त शर्करा (शुगर) बढ़ी हुई पाई गई। इन मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं आगे की जांच के लिए मार्गदर्शन दिया गया।
शिविर का विशेष आकर्षण स्वर्ण प्राशन कार्यक्रम रहा। इस दौरान कुल 545 बच्चों को स्वर्ण प्राशन ड्रॉप पिलाया गया। बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण की स्थिति का भी अवलोकन किया गया, जिसमें लगभग 42 बच्चे कुपोषित श्रेणी में पाए गए। इन बच्चों के अभिभावकों को बच्चों के उचित आहार, पोषण एवं स्वास्थ्य देखभाल के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं परामर्श दिया गया।
मेले में विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से संबंधित मरीजों की जांच कर आयुष चिकित्सा पद्धति के अनुसार परामर्श दिया गया तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क औषधियों का वितरण किया गया। साथ ही लोगों को योग, संतुलित आहार, स्वस्थ जीवनशैली एवं रोगों से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया।
स्वास्थ्य मेले के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उनके नजदीक ही स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं आयुष सेवाओं की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इस दौरान आमजन को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर के सफल आयोजन में आयुष विभाग के चिकित्सा दल, अधिकारी-कर्मचारियों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों एवं स्थानीय ग्रामीणों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
आयुष विभाग, जिला धमतरी






