कूर्मि आइडल नृत्य के ऑडिशन में 62 कला साधकों ने दिखाया हुनर,6 समूह और 22 एकल-युगल प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, 1 नवंबर को भिलाई में अगला ऑडिशन

अण्डा । छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कूर्मि क्षत्रिय समाज द्वारा आयोजित कूर्मि आइडल नृत्य प्रतियोगिता 2026 के लिए 25 अक्टूबर, रविवार को ग्राम कुथरेल स्थित चंद्राकर भवन में ऑडिशन आयोजित किया गया। इसमें समाज के 62 कला साधकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी नृत्य प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इनमें 6 समूह तथा 22 एकल-युगल प्रतिभागी शामिल रहे।

ऑडिशन में बच्चों से लेकर युवक-युवतियों, महिलाओं और पुरुषों तक ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता को लेकर समाज के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस आयोजन का उद्देश्य समाज की नृत्य प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और उनकी कला को प्रोत्साहित करना है।

19 दिसंबर को होगा मुख्य आयोजन

ज्ञात हो कि कूर्मि आइडल नृत्य प्रतियोगिता 2026 का मुख्य आयोजन 19 दिसंबर, शनिवार को शाम 6 बजे से 36 फोर्ट, कोलिहापुरी, जिला दुर्ग में होगा। यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ प्रदेश कूर्मि क्षत्रिय समाज के 16वें प्रांतीय महाअधिवेशन एवं 25वें कूर्मि संझा रजत जयंती वर्ष समारोह के अंतर्गत आयोजित किया जाएगा।

1 नवंबर को भिलाई में अगला ऑडिशन

प्रतियोगिता में शामिल होने के इच्छुक प्रतिभागियों के लिए अगला ऑडिशन 1 नवंबर 2026, रविवार को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक कूर्मि भवन, राधिका नगर, भिलाई में आयोजित होगा। ऑडिशन में भाग लेने के लिए मूल आधार कार्ड लाना अनिवार्य है। प्रतिभागियों को जिस गीत पर प्रस्तुति देनी है, उसे पेन ड्राइव, मेमोरी कार्ड या मोबाइल में डाउनलोड करके लाना होगा।

विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक नकद पुरस्कार

प्रतियोगिता में समूह वर्ग के प्रथम से पंचम स्थान तक के विजेताओं को क्रमशः 21,001, 15,001, 11,001, 7,001 और 5,001 रुपये नकद पुरस्कार के साथ विनर शील्ड प्रदान की जाएगी। वहीं एकल-युगल वर्ग में प्रथम से पंचम स्थान तक के प्रतिभागियों को क्रमशः 7,001, 5,001, 4,001, 3,001 और 2,001 रुपये नकद पुरस्कार के साथ विनर शील्ड दी जाएगी।

समाज के पदाधिकारियों ने किया सहयोग

ऑडिशन कार्यक्रम में पूर्व उपाध्यक्ष, श्रम कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन एवं दिल्लीवार कूर्मि क्षत्रिय समाज के केंद्रीय उपाध्यक्ष केशव बंटी हरमुख, छत्तीसगढ़ प्रदेश कूर्मि क्षत्रिय समाज के युवा अध्यक्ष योगेश्वर देशमुख, संयोजक प्रदीप देशमुख कोठिया, प्रभारी आशीष दिल्लीवार, सहप्रभारी मनीष देशमुख एवं कमलेश देशमुख सहित सागर देशमुख, भावेश चंद्राकर, ललित वर्मा, गिरीश हरमुख, कुमलाल देशमुख, शुभम देशमुख और इन्द्रजीत देशमुख ने सहयोग प्रदान किया।

आयोजकों को उम्मीद है कि आगामी ऑडिशन में भी समाज के प्रतिभागी बड़ी संख्या में शामिल होकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।