दुर्ग/रानीतराई। थाना रानीतराई पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 33 पौवा देशी मसाला शराब एवं नकद बिक्री रकम जब्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कौही-अशोगा रोड स्थित तालाब किनारे पुल के पास एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से शराब बिक्री किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी। मौके पर एक व्यक्ति प्लास्टिक बोरी में शराब रखकर ग्राहकों का इंतजार करते मिला।
पूछताछ में आरोपी ने अवैध शराब बिक्री करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 33 पौवा देशी सवा शेरा मसाला शराब, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 3,300 रुपये है, तथा बिक्री की 700 रुपये नकद रकम जब्त की। साथ ही एक सफेद रंग का प्लास्टिक बोरी का थैला भी बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बलदाऊ सोनी (66 वर्ष) निवासी ग्राम केसरा, थाना रानीतराई, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। बाद में न्यायालय में पेश करने पर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से शराब का संग्रहण एवं बिक्री कर रहा था। कार्रवाई में थाना रानीतराई पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अवैध शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।






