सेवा सहकारी समिति तिरगा की 67वीं वार्षिक आमसभा संपन्न

अण्डा।सेवा सहकारी समिति मर्यादित तिरगा, पंजीयन क्रमांक 1202 की 67वीं वार्षिक साधारण आमसभा गुरुवार, 24 सितंबर 2026 को समिति कार्यालय में आयोजित हुई। समिति की स्थापना 23 मई 1959 को हुई थी। आमसभा में तिरगा एवं झोला क्षेत्र के बड़ी संख्या में कृषक सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में समिति की गतिविधियों, वित्तीय स्थिति, बजट, ऋण वितरण, खाद व्यवस्था और धान उपार्जन सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। समिति में वर्तमान में 770 पंजीकृत कृषक सदस्य हैं, जबकि इस वर्ष 8 नए सदस्यों को जोड़ा गया है।
खरीफ वर्ष 2026-27 में समिति द्वारा कुल 215.25 लाख रुपए का नगद एवं खाद ऋण वितरित किया गया। वहीं खरीफ वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर 28,780.80 क्विंटल धान का उपार्जन किया गया, जिसका शत-प्रतिशत परिवहन किया गया।

किसानों की सुविधा के लिए समिति में माइक्रो एटीएम एवं CSC सुविधा संचालित की जा रही है। CSC के माध्यम से ई-केवाईसी सहित अन्य आवश्यक कार्य किए जा रहे हैं।
आमसभा में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित दुर्ग के अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने समिति की गतिविधियों की जानकारी लेते हुए किसानों को सहकारी समिति के माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं के बारे में चर्चा की। उन्होंने ऋण, खाद, धान उपार्जन और डिजिटल सेवाओं का लाभ लेने के साथ समिति की गतिविधियों में किसानों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने समिति के कार्यों को किसानों की सुविधा और सहकारिता की भावना से आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
बैठक में संचालक मंडल की कार्यवाही का अनुमोदन, वर्ष 2025-26 के अंकेक्षित वित्तीय पत्रक, वर्ष 2026-27 के बजट प्रस्ताव एवं अंकेक्षण संबंधी प्रस्तावों पर चर्चा कर अनुमोदन की प्रक्रिया पूरी की गई।
समिति की स्थापना के 67 वर्षों के सफर में तिरगा एवं झोला क्षेत्र के किसानों को ऋण, खाद तथा धान उपार्जन जैसी सहकारी सेवाएं उपलब्ध कराने में समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष देवसिंह ठाकुर, सहायक प्रबंधक पुकेश्वर दिल्लीवार, कंप्यूटर ऑपरेटर हेमंत दिल्लीवार, चपरासी तिलक यादव सहित समिति के कर्मचारी एवं कृषक सदस्य उपस्थित रहे।
आमसभा में गैदलाल देशमुख, बाबूलाल देशमुख, जैन देशमुख, उमेश देशमुख, खुमान देशमुख, हीरालाल दिल्लीवार, युवराज देशमुख, टिकेश्वर दिल्लीवार, रामसाय बेलचंदन, सुखित राम ढीमर, लक्ष्मण ठाकुर, दयाराम दिल्लीवार, महेश्वर यादव, नम्मूलाल, शिव प्रसाद देशमुख, कमल किशोर बेलचंदन, तिलक राम यादव, पारसनाथ, अश्वनी देशमुख, दिलीप कुमार ढीमर, नंदकुमार देशमुख, विनय ठाकुर, मोहन देशमुख सहित बड़ी संख्या में कृषक सदस्य उपस्थित रहे।