78 ग्राम पंचायत सचिवों को पदोन्नति, 5 की परिवीक्षा समाप्त, 1 को मिली अनुकम्पा नियुक्ति, जिला पंचायत दुर्ग की बड़ी पहल, कर्मचारियों में उत्साह का माहौल



दुर्ग।  बजरंग कुमार दुबे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत दुर्ग द्वारा ग्राम पंचायत सचिवों के लंबित सेवा संबंधी प्रकरणों के निराकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए एक साथ अनेक कर्मचारियों को सेवा लाभ प्रदान किए गए हैं।
जिला स्तर पर गठित समिति द्वारा कर्मचारियों की कार्यकुशलता, अनुशासन एवं सेवा अवधि का परीक्षण किए जाने के पश्चात 15 वर्ष की सेवावधि पूर्ण कर चुके 78 ग्राम पंचायत सचिवों को पदोन्नति का लाभ प्रदान किया गया है। यह निर्णय लंबे समय से प्रतीक्षित कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत एवं सम्मान का अवसर बना है।
इसके साथ ही 5 ग्राम पंचायत सचिवों की परिवीक्षा अवधि सफलतापूर्वक पूर्ण पूर्ण किए जाने पर परीक्षा अवधि समाप्त की गई है वहीं मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए पात्र आश्रित श्री कीर्तन कुमार साहू को अनुकम्पा नियुक्ति प्रदान की गई है।
जिला पंचायत द्वारा की गई इस कार्यवाही से कर्मचारियों में उत्साह और संतोष का वातावरण निर्मित हुआ है। लंबे समय से लंबित सेवा प्रकरणों के निराकरण से कर्मचारियों के मनोबल में वृद्धि होने के साथ-साथ पंचायत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री बजरंग कुमार दुबे ने कहा कि कर्मचारियों के वैधानिक सेवा प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण जिला पंचायत की प्राथमिकताओं में शामिल है। भविष्य में भी ऐसे प्रकरणों का त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि कर्मचारियों के हितों का संरक्षण हो सके और प्रशासनिक कार्यों में और अधिक दक्षता आए।