राष्ट्रीय युवा दिवस पर 8 युवा और एक संगठन सम्मानित, मुख्यमंत्री ने दिया ‘छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान’

राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में आयोजित समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रदेश के आठ युवाओं और एक सामाजिक संगठन को छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान से नवाजा गया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा नवीन विश्राम भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं को सम्मानित करते हुए उन्हें दृढ़ इच्छाशक्ति, परिश्रम और समर्पण के साथ अपने लक्ष्यों की ओर आगे बढ़ने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं खेल और युवा कल्याण मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। युवा रत्न सम्मान के लिए आए आवेदनों से यह स्पष्ट हुआ है कि प्रदेश के युवा समाज सेवा, शिक्षा, खेल, नवाचार, साहित्य और संस्कृति जैसे क्षेत्रों में सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में पहली बार इस सम्मान के माध्यम से व्यक्तिगत क्षमता विकास और समाज सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवाओं को पहचान दी गई है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव ने स्वागत भाषण में बताया कि बड़ी संख्या में योग्य आवेदनों में से विभिन्न क्षेत्रों से एक-एक नाम का चयन करना चुनौतीपूर्ण था। इस सम्मान का उद्देश्य युवाओं के कार्यों को पहचान देना और अन्य युवाओं को प्रेरित करना है।

राष्ट्रीय युवा दिवस पर आयोजित इस समारोह में बेमेतरा के एस्ट्रोफिजिक्स क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करने वाले पीयूष जायसवाल, कांकेर की सामाजिक कार्यकर्ता शिल्पा साहू, सरगुजा के साहित्यकार अमित यादव, महासमुंद की नवाचार क्षेत्र की मृणाल विदानी, दुर्ग की शिक्षाविद परिधि शर्मा को सम्मानित किया गया।

इसके अलावा बिलासपुर की अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी को खेल के क्षेत्र में, कवर्धा के सचिन कुनहरे को कला एवं संस्कृति में और आरू साहू को लोककला में उत्कृष्ट योगदान के लिए युवा रत्न सम्मान प्रदान किया गया। साथ ही स्वास्थ्य, पर्यावरण, स्वच्छता, साक्षरता, महिला उत्थान, नशामुक्ति और सामाजिक जागरूकता जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली धमतरी जिले की युवा स्टार सेवा समिति, खुरतुली को भी छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष, रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष सहित विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।