अण्डा। बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर सामने आया है। एनएसपीसीएल (NSPCL) द्वारा प्रायोजित तथा सिपेट (CIPET), रायपुर और लघु उद्योग भारती, दुर्ग के संयुक्त सहयोग से तीन माह का निःशुल्क आवासीय कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत दुर्ग जिले के कुल 80 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले अभ्यर्थियों के लिए 100 प्रतिशत प्लेसमेंट की व्यवस्था की गई है।

लघु उद्योग भारती, दुर्ग रसमड़ा इकाई के अध्यक्ष संजय मिश्र ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को आधुनिक औद्योगिक तकनीकों में दक्ष बनाकर आत्मनिर्भर बनाना और उद्योगों को कुशल मानव संसाधन उपलब्ध कराना है। वर्तमान में प्लास्टिक, पॉलीमर, पैकेजिंग और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में कुशल तकनीशियनों की मांग बढ़ रही है। ऐसे में यह प्रशिक्षण युवाओं के लिए रोजगार प्राप्त करने का बेहतर अवसर है।
प्रशिक्षण के अंतर्गत असिस्टेंट मशीन ऑपरेटर-प्लास्टिक्स प्रोसेसिंग तथा असिस्टेंट मशीन ऑपरेटर-इंजेक्शन मोल्डिंग के दो कोर्स संचालित किए जाएंगे। कुल 80 सीटें निर्धारित हैं, जिनका लाभ केवल दुर्ग जिले के मूल निवासी युवा ही ले सकेंगे।
प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क एवं आवासीय होगा। एनएसपीसीएल की सीएसआर योजना के तहत प्रशिक्षण शुल्क, छात्रावास, भोजन, यूनिफॉर्म और अध्ययन सामग्री की व्यवस्था निःशुल्क की जाएगी। प्रशिक्षण का आयोजन CIPET, भनपुरी औद्योगिक क्षेत्र, रायपुर में होगा। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अभ्यर्थियों को देश की प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्लेसमेंट की व्यवस्था की गई है।CIPET रायपुर के केंद्र प्रमुख डॉ. आलोक साहू ने बताया कि संस्थान में युवाओं को विश्वस्तरीय व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। संस्थान का उद्देश्य युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित कर रोजगार से जोड़ना है।
इच्छुक अभ्यर्थी शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, दुर्ग जिले का निवास प्रमाण पत्र एवं पासपोर्ट साइज फोटो के साथ पंजीयन करा सकते हैं। अधिक जानकारी एवं पंजीयन के लिए बी. श्रीनिवास राव तथा दिलेश्वर ठाकरे से संपर्क किया जा सकता है।यह प्रशिक्षण कार्यक्रम लघु उद्योग भारती, दुर्ग के सहयोग से संचालित किया जा रहा है।







