छत्तीसगढ़ में 862 सहायक प्राध्यापकों की परिवीक्षा अवधि पूरी, उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा को संघ का आभार

रायपुर। : छत्तीसगढ़ उच्च शिक्षा विभाग ने सीधी भर्ती के तहत छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा चयनित सहायक प्राध्यापकों की तीन वर्षीय परिवीक्षा अवधि सफलतापूर्वक पूरा करने वाले 862 शिक्षकों की सूची जारी कर दी है। यह सूची 27 मार्च 2026 को जारी की गई।

उच्च शिक्षा विभाग ने कार्यभार ग्रहण की तिथि से तीन वर्ष की परिवीक्षा अवधि पूरी करने वाले इन सहायक प्राध्यापकों को नियमित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई है। साथ ही कुछ शिक्षकों की परिवीक्षा अवधि बढ़ाने और पुलिस सत्यापन संबंधी मुद्दों पर भी विचार किया जा रहा है।

इसी क्रम में नवीन सहायक प्राध्यापक एवं राजपत्रित अधिकारी संघ, छत्तीसगढ़ के पदाधिकारियों एवं सहायक प्राध्यापकों ने आज माननीय उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंकराम वर्मा जी से सौजन्य मुलाकात की। संघ के प्रतिनिधियों ने परिवीक्षा अवधि समाप्ति आदेश जारी करने के लिए मंत्री जी को धन्यवाद ज्ञापित किया और आभार व्यक्त किया।

मुलाकात के दौरान संघ ने उन सहायक प्राध्यापकों की समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की, जिनकी परिवीक्षा अवधि बढ़ाई गई है तथा जिनके पुलिस वेरीफिकेशन से संबंधित मुद्दे लंबित हैं। माननीय मंत्री श्री टंकराम वर्मा जी ने सभी समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने का आश्वासन दिया।

सौजन्य मुलाकात में संघ के प्रमुख पदाधिकारी डॉ. विजय कुमार साहू, डॉ. रेश्मी वासनीकर, डॉ. अशोक भारती, श्री आशीष नेताम, श्री दानेश्वर साहू, श्री विवेक कुमार, श्री टिकेन्द्र वर्मा, श्रीमती स्वाति चन्द्रवंशी, श्रीमती अत्रीका कोमा, सुश्री प्रियंका सिंह सहित अन्य प्राध्यापकगण उपस्थित रहे।

संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. ए.डी. बघेल ने सभी सफल सहायक प्राध्यापकों को बधाई देते हुए कहा कि यह छत्तीसगढ़ के उच्च शिक्षा क्षेत्र के लिए एक सकारात्मक कदम है। उन्होंने सभी साथियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

उच्च शिक्षा विभाग की इस पहल से शासकीय महाविद्यालयों में शिक्षण कार्य में स्थिरता आएगी और युवा प्राध्यापक अपनी सेवाएं पूर्ण निष्ठा के साथ दे सकेंगे। संघ ने मंत्री जी के आश्वासन पर भरोसा जताया है कि शेष समस्याओं का भी जल्द समाधान हो जाएगा।

सभी सफल सहायक प्राध्यापकों को हार्दिक बधाई! 💐