10 साल से कब्जे में रही 9 एकड़ शासकीय जमीन हुई मुक्त, ग्रामीणों की पहल रंग लाई


पाटन।
ग्राम पंचायत झीट में वर्षों से अतिक्रमण का शिकार रही शासकीय जमीन को आखिरकार कब्जा मुक्त करा लिया गया। ग्राम पंचायत एवं ग्रामीणों की संयुक्त पहल से लगभग 9 एकड़ जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया।
बताया जा रहा है कि उक्त जमीन पर पिछले करीब 10 वर्षों से अवैध रूप से कब्जा कर खेती की जा रही थी। लंबे समय से चली आ रही इस समस्या को लेकर ग्राम पंचायत ने सक्रियता दिखाई और ग्रामीणों के सहयोग से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
इस अभियान में सरपंच राजू साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहयोग किया। गांव के लोगों ने इसे सामूहिक प्रयास की बड़ी सफलता बताते हुए प्रशासन और पंचायत की पहल की सराहना की।