संस्कार पब्लिक स्कूल, आमालोरी, गाड़ाडीह में त्रिदिवसीय खेलोत्सव के तीसरे दिन(23/11/2025) में आयोजित “मेरा बचपन” कार्यक्रम की शुरुआत सबसे पहले डायरेक्टर सर श्री गोपेश शरण शुक्ला, प्राचार्या श्रीमती अर्चना शुक्ला एवं श्री आशीष सिंग सर के सम्मानजनक स्वागत से की गई, जिसके बाद सभी आदरणीय अभिभावकगणों का पारंपरिक टीका-संस्कार द्वारा स्नेहपूर्वक अभिनंदन किया गया। स्वागत के इन गरिमामय क्षणों के साथ विद्यालय वातावरण में उत्साह, आनंद और अपनत्व की मधुर भावना फैल गई। इसी क्रम में श्री गोपेश शरण शुक्ला जी ने अपने प्रभावी संबोधन में विद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता, खेलों के महत्व तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास में पालक–शिक्षक सहयोग की भूमिका पर प्रेरक विचार रखे। उनके संबोधन के उपरांत जब उन्होंने सीटी बजाकर खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया, तभी विद्यालय परिसर जीवंतता, उमंग और हँसी की मधुर तरंगों से गूंज उठा। कार्यक्रम में आयोजित रिंग वॉक, टी कप रन, कपल बैलून रन, पेंगुइन रन,कपल बॉल कैच और सुई धागा रन, म्यूजिकल चेयर जैसे रोमांचक और मनोरंजक खेलों में पालकों ने बच्चों-सी खुशी, उत्साह और जोश के साथ भाग लिया। बच्चों और शिक्षकों की उपस्थिति ने इन खेलों में उल्लास को और भी बढ़ाया, तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी पालकों का सम्मान कर उनको प्रोत्साहित किया गया। यह विशेष आयोजन प्रतिवर्ष इसलिए आयोजित किया जाता है ताकि अभिभावक अपने व्यस्त जीवन से कुछ समय निकालकर अपने भीतर छिपे हुए बचपन को फिर से जी सकें, हँस सकें, मस्ती कर सकें और परिवार के साथ यादगार पलों को संजो सकें। इस वर्ष भी “मेरा बचपन” कार्यक्रम ने हर चेहरे पर मुस्कान और दिलों में खुशियों की नई चमक भर दी।







