खदान के गहरे पानी में डूबने से 13 वर्षीय की मौत, एसडीआरएफ की टीम  50 फिट गहरे पानी से निकाली शव, पुलिस जांच में जुटी

पाटन। – दुर्ग जिले के नंदनी पत्थर खदान में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां खदान के गहरे पानी में डूबने से 13 वर्षीय बालक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और करीब 50 फीट गहरे पानी से शव को बाहर निकाला।

दुर्ग जिले के नंदनी थाना क्षेत्र स्थित पत्थर खदान में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 13 वर्षीय बालक के पानी में डूबने की सूचना मिली। घटना की जानकारी कंट्रोल रूम दुर्ग को मिलने के बाद जिला सेनानी नागेन्द्र कुमार सिंह के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। डिप डाइविंग एक्सपर्ट राजकुमार यादव और चंद्रप्रताप जघेल ने लगभग 50 फीट गहरे पानी में उतरकर सर्च ऑपरेशन चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद बालक के शव को पानी से बाहर निकालकर पुलिस को सौंप दिया गया।

मृतक की पहचान आयुष मार्कंडेय, पिता नंदकुमार मार्कंडेय, उम्र 13 वर्ष, निवासी पथरिया खदान के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है।