गोवर्धन पूजा के सांस्कृतिक कार्यक्रम में जा रही 13 वर्षीय बच्ची का अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, चाकू की नोक पर अगवा कर ले गए तीन युवक, पुलिस ने तीनों आरोपियों को किया गिरफ्तार

भिलाई। जेवरा-सिरसा चौकी क्षेत्र में गोवर्धन पूजा के सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची के अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव के ही तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव में गोवर्धन पूजा के बाद रात में रिकॉर्डिंग डांस कार्यक्रम आयोजित किया गया था। बच्ची ने कार्यक्रम देखने जाने की इच्छा जताई थी। पिता ने उसे कहा था कि जाना हो तो उन्हें उठाकर बता देना। रात में बच्ची ने अपनी दादी को जगाने का प्रयास किया, लेकिन उनके नहीं उठने पर वह अकेले ही कार्यक्रम देखने निकल गई।

इसी दौरान आरोप है कि गांव के तीन युवकों ने जया किराना स्टोर के पास से बच्ची को चाकू की नोक पर अगवा कर लिया और अपने साथ नवीन निषाद के घर ले गए। वहां बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का आरोप है।

देर रात तक बच्ची के घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान नवीन निषाद के घर पर बच्ची के होने की जानकारी मिली। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो बच्ची बाथरूम में बंद मिली। रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच बच्ची को आरोपियों के कब्जे से छुड़ाकर सीधे जेवरा-सिरसा चौकी ले जाया गया।

पुलिस ने मामले में हिमांशु देशमुख, नवीन निषाद और सागर निषाद को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 70(2) एवं 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध नाबालिग के अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म और गंभीर धमकी से संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।