डोगरिया कला महामाया मंदिर प्रांगण में 24 घंटे अखंड रामधुनी संकीर्तन का आयोजन


पंडरिया।ब्लाक के ग्राम डोगरिया कला स्थित मां महामाया मंदिर प्रांगण में श्रद्धा एवं भक्तिमय वातावरण के बीच 24 घंटे अखंड रामधुनी संकीर्तन का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में विभिन्न ग्रामों से आई संकीर्तन मंडलियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए भगवान श्रीराम एवं देवी-देवताओं की भक्ति में वातावरण को भक्तिमय बना दिया।


आयोजन के दौरान संकीर्तन मंडलियों के बीच प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें प्रथम स्थान कोनो की टोली ने प्राप्त किया, जिसे सुदर्शन राइस मिल की ओर से 3,100रुपये एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
द्वितीय स्थान दरगंवा की टोली ने प्राप्त किया। उन्हें जनपद सदस्य रानी मिथलेश चन्द्रवंशी द्वारा 2,500 रुपये एवं श्रीफल भेंट कर पुरस्कृत किया गया।


इसी प्रकार तृतीय स्थान खरिया खडौदा की टोली ने प्राप्त किया, जिसे सरपंच बैजनाथ चन्द्रवंशी द्वारा 2,100 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। चतुर्थ स्थान जंगलपुर की टीम को 1,100 रुपये तथा पंचम स्थान कामाडबरी की टोली को 1,100 रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।


आयोजन की विशेष बात यह रही कि प्रत्येक संकीर्तन टोली को भगवान भोलेनाथ एवं मां महामाया देवी का छायाचित्र भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरा मंदिर प्रांगण भक्ति एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा।
आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी सनातन परंपरा, लोक संस्कृति और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का कार्य करते हैं। अखंड रामधुनी संकीर्तन के सफल आयोजन के लिए सभी संकीर्तन मंडलियों, श्रद्धालुओं, सहयोगकर्ताओं एवं ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया गया।