पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौत, चालक के खिलाफ मामला दर्ज, उरला-कुगदा मार्ग पर हुआ हादसा, अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम

मिलाईनगर, 6 अगस्त। कुम्हारी थाना क्षेत्र के उरला-कुगदा मार्ग पर हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर पिकअप वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम पाहंदा निवासी दिलीश्वर निषाद (30) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके चाचा लीलाधर निषाद अपनी फैशन प्रो मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 04 DQ 2364) से कुगदा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान 4 अगस्त 2026 की शाम करीब 5:30 बजे उरला-कुगदा मार्ग पर पीछे से आए पिकअप वाहन (क्रमांक CG 07 CZ 9235) के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे में लीलाधर निषाद के सिर और दाहिने पैर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम शासकीय अस्पताल सुपेला में कराया।

कुम्हारी थाना पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।