पाटन।ग्राम निपानी में शासकीय भूमि पर अवैध रूप से ईंट भट्ठा संचालन का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। जनपद सदस्य एवं कृषि सभापति रवि सिन्हा ने इस मामले को लेकर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने सुशासन शिविर में ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
रवि सिन्हा ने आरोप लगाया है कि ग्राम निपानी के खसरा नंबर 961 एवं 962 की शासकीय भूमि पर खुलेआम अवैध ईंट भट्ठा संचालित किया जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदकर बैठे हुए हैं। उन्होंने कहा कि शासन की जमीन पर कब्जा कर नियमों को ताक पर रखा जा रहा है और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आगामी 14 मई को मर्रा में आयोजित सुशासन शिविर में अधिकारियों को “सद्बुद्धि” दिलाने के लिए सद्बुद्धि यज्ञ किया जाएगा। उनका कहना है कि जब शिकायतों के बाद भी प्रशासन नहीं जाग रहा, तब जनता के सामने अधिकारियों की कार्यप्रणाली उजागर की जाएगी।
मामले को लेकर क्षेत्र में भी चर्चाओं का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि शासकीय भूमि पर अवैध गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति होती है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में सख्त कदम उठाता है या फिर शिकायतें फाइलों में ही दबकर रह जाएंगी।







