स्नेह, संस्कार और स्वाद का संगम – कन्या शाला पंडरिया में बाल दिवस पर हुआ 715 छात्राओं के लिए भव्य न्योता भोज का आयोजन

पंडरिया।नगर के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला में बाल दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को भव्य न्योता भोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा छठवीं से लेकर कक्षा बारहवीं तक के लगभग 715 बच्चों ने भाग लिया और बड़े ही उत्साह के साथ भोज का आनंद लिया। इतनी अधिक संख्या में बच्चों को पूरे स्नेह और आत्मीयता के साथ भोजन करवाया गया।न्योता भोज का मुख्य उद्देश्य बच्चों में आपसी प्रेम, समानता, अनुशासन और सामूहिकता की भावना विकसित करना है। साथ ही बच्चों को पौष्टिक एवं स्वादिष्ट भोजन के माध्यम से यह संदेश देना है कि विद्यालय केवल पढ़ाई का ही नहीं, बल्कि संस्कार, सेवा और स्नेह का भी मंदिर है। इसी भावना के साथ विद्यालय परिवार ने सभी बच्चों को एक साथ बैठाकर प्रेमपूर्वक भोजन कराया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विकासखंड शिक्षा अधिकारी दीपक ठाकुर उपस्थित रहे। इसके साथ सेजेस प्राचार्य विकास शुक्ला, एस. आर कुर्रे, विनोद गोस्वामी, हामिदुल्ला खान,
संकुल के शिक्षक गण , संगीता हलवाई एवं अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे। अतिथियों ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं दी और न्योता भोज जैसे आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों में सामाजिक समरसता और अनुशासन की भावना को बढ़ाते हैं।
न्योता भोज में बच्चों के लिए दाल, चावल, खीर, पूरी, चना-आलू की सब्जी, पापड़, टमाटर की चटनी आदि स्वादिष्ट, सुपाच्य एवं पौष्टिक व्यंजन बनाए गए थे। भोजन ग्रहण करते समय सभी बच्चे बहुत प्रसन्न नजर आए।
सांस्कृतिक प्रभारी शैल बिसेन ने बताया कि न्योता भोज भारतीय संस्कृति के संस्कारों को जगाने का एक सुंदर माध्यम है। जब सभी बच्चे एक साथ बैठकर भोजन करते हैं तो तो उनमें भेदभाव मिटता है और अपनापन बढ़ता है।
कार्यक्रम के दौरान सभी बच्चे पूर्ण रूप से अनुशासित रहे। उन्होंने अनुशासन का पालन किया और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा। भोजन परोसने में शिक्षिकाओं सहित बड़ी कक्षा की अनेक छात्राओं ने विशेष सहयोग प्रदान किया। छात्राओं ने बड़े ही शालीनता और प्रेमभाव से सभी बच्चों को भोजन परोसा, जिसे देखकर सभी अतिथि और शिक्षकगण बहुत प्रसन्न हुए।
यह सम्पूर्ण कार्यक्रम प्राचार्य एन. के. इक्का के निर्देशन में एवं समस्त स्टाफ के सहयोग से सम्पन्न हुआ। विद्यालय परिवार ने इस सफल आयोजन के लिए सभी अतिथियों, शिक्षकों, छात्राओं और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।