पाटन। पाटन क्षेत्र में ग्राम निपानि में अवैध रेत उत्खनन स्थल पर दो पक्षों के बीच विवाद खूनी झड़प में बदल गया। बताया जा रहा है कि रेत से भरी एक ट्रैक्टर नदी में फंस गई थी, जिसे निकालने के लिए दूसरी ट्रैक्टर को मौके पर बुलाया गया था। इसी दौरान गाड़ी निकालते समय पीछे खड़ी ट्रैक्टर की बोनट में टक्कर हो गई।
गाड़ी क्षतिग्रस्त होने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि विवाद के दौरान एक युवक ने दूसरे युवक के सिर पर पेचकस से लगातार तीन बार हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और खून से लथपथ हालत में रानीतराई थाना पहुंचा।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने घायल युवक को तत्काल पाटन अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।







