सेजस जामगांव आर की होनहार एवं प्रतिभावान छात्रा को इसरो के वैज्ञानिकों के साथ कार्य करने का अवसर

ISRO की 'युविका' (YUVIKA) - (Yuva Vigyani Karyakram) या युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम, स्कूली छात्रों के लिए एक विशेष ग्रीष्मकालीन आवासीय कार्यक्रम है। यह 9वीं कक्षा के छात्रों को अंतरिक्ष विज्ञान, तकनीक और अनुप्रयोगों का बुनियादी ज्ञान देने के लिए आयोजित किया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि जगाना और उन्हें वैज्ञानिकों से सीखने का मौका देना है।

उक्त कार्यक्रम के तहत प्रतिवर्ष राष्ट्रीय स्तर पर चयन किया जाता है।
उक्त परीक्षा में सेजस जामगांव आर , तहसील पाटन, जिला- दुर्ग की कक्षा नवमी की छात्रा कुमारी अमीषा निषाद, पिता उमेश कुमार निषाद, माता श्रीमती प्रेमलता निषाद का चयन हुआ है। समस्त जिला दुर्ग तथा जामगांव आर शाला परिवार के लिए यह बहुत ही गौरव की बात है कि राष्ट्रीय लेवल के सतीश धवन स्पेस सेंटर श्रीहरिकोटा, तिरुपति जिला आंध्र प्रदेश में 10 मई से 22 मई तक उक्त इसरो केंद्र की संपूर्ण जानकारी के साथ उन्हें विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण भी प्राप्त करने का अवसर प्राप्त हुआ है।
शाला की प्राचार्य कविता साहू ने अमीषा की इस उपलब्धि के लिए भूरी भूरी प्रशंसा की तथा उन्हें आशीर्वाद देते हुए अपनी शुभकामनाएं प्रदान की हैं। साथ ही शाला की एटीएल इंचार्ज विनीता सुधीर तथा समस्त शिक्षक शिक्षिकाओं ने अमीषा को अच्छी पढ़ाई लिखाई करते हुए भविष्य में वैज्ञानिक बनने का शुभ आशीर्वाद प्रदान किये।
सभी सदस्यों ने अमीषा निषाद की प्रशंसा करते हुए अपनी शुभकामनाएं दी।