एनएचएम एवं बालको मेडिकल सेंटर रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में पंडरिया में पहली बार कैंसर स्क्रीनिंग शिविर का हुआ आयोजन

पंडरिया। छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) एवं बालको मेडिकल सेंटर, रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में पंडरिया ब्लॉक में पहली बार कैंसर स्क्रीनिंग एवं स्वास्थ्य परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को कैंसर की समय पर पहचान, जांच एवं विशेषज्ञ परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराना था।


शिविर में बालको मेडिकल सेंटर रायपुर के कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. दिवाकर पांडेय एवं डॉ. हेमलता द्वारा विभिन्न प्रकार के कैंसर से संबंधित निःशुल्क परामर्श प्रदान किया गया। इसमें विशेष रूप से स्तन कैंसर, गर्भाशय ग्रीवा (बच्चेदानी) का कैंसर एवं मुख कैंसर सहित अन्य प्रकार के कैंसर की स्क्रीनिंग एवं परामर्श किया गया।


इस अवसर पर पंडरिया के बीएमओ डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि बालको मेडिकल सेंटर रायपुर की अत्याधुनिक Mammovan के माध्यम से शिविर में महिलाओं को निःशुल्क Mammography एवं Pap Smear जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की अत्याधुनिक जांच सुविधाओं को ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाना कैंसर की शुरुआती पहचान और समय पर उपचार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।


शिविर में कुल 73 मरीजों की जांच एवं विशेषज्ञों द्वारा परामर्श किया गया, जिसमें 60 महिलाएं एवं 13 पुरुष शामिल रहे। प्रारंभिक स्क्रीनिंग के दौरान लगभग 6 मरीजों में कैंसर की संभावित पहचान हुई, जिन्हें आगे की आवश्यक जांच एवं उपचार के लिए उचित मार्गदर्शन प्रदान किया गया।


शिविर को सफल बनाने में बालको मेडिकल सेंटर रायपुर के पुनीत तिवारी एवं उनकी टीम का विशेष योगदान रहा। टीम द्वारा शिविर के आयोजन, समन्वय, मरीजों की स्क्रीनिंग तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।


एनएचएम एवं बालको मेडिकल सेंटर रायपुर की यह संयुक्त पहल कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा लोगों को उनके नजदीक ही अत्याधुनिक स्क्रीनिंग एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस कैम्प को सफल बनाने में बी पी एम प्रदीप सिंह ठाकुर, कुसुम सप्रे,राजेश साहू RMA, एवं सभी स्टॉफ का सहयोग रहा।