धान और बारदाना शार्टेज मामले में समिति प्रबंधक पर अपराध दर्ज, पाटन ब्लॉक का मामला

पाटन।  दुर्ग जिले के जामगांव आर थाना क्षेत्र अंतर्गत सेवा सहकारी समिति मर्यादित कुम्हली एवं उपार्जन केंद्र कुम्हली में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान धान खरीदी में गबन का मामला सामने आया है। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित दुर्ग शाखा जामगांव आर के शाखा प्रबंधक महेन्द्र कुमार मढरिया की शिकायत पर समिति प्रबंधक अतुल कुमार वर्मा के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है। शिकायत के अनुसार खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में उपार्जन केंद्र कुम्हली में 15 नवंबर 2025 से 6 फरवरी 2026 तक कुल 53,956.40 क्विंटल धान की खरीदी की गई थी तथा 1 अप्रैल 2026 तक धान का परिवहन पूर्ण कर लिया गया था। इसके बाद 23 अप्रैल को खाद्य एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों द्वारा केंद्र का भौतिक सत्यापन किया गया। जांच के दौरान रिकार्ड और वास्तविक भंडारण में भारी अंतर पाया गया। जांच में कुल 690.70 क्विंटल धान कम मिला, जिसकी कीमत 21 लाख 41 हजार 170 रुपये आंकी गई है। वहीं आनलाइन रिकार्ड के अनुसार 15,595 नग बारदाना उपलब्ध होना चाहिए था, लेकिन सत्यापन में केवल 12,538 नग बारदाना मिला। इस प्रकार 3,057 नग बारदाना कम पाए गए, जिसकी कीमत दो लाख 13 हजार 645 रुपए बताई गई है। इस तरह धान और बारदाना मिलाकर कुल 23 लाख 54 हजार 815 रुपए के गबन का मामला सामने आया है। पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।