रायपुर।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में लाखों रुपये के गबन के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। देवपुरी क्षेत्र में 25 अप्रैल को सामने आए इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी कृष्णा साहू एक कंपनी में ड्राइवर के पद पर कार्यरत था। उसने अपने मालिक के करीब 50 लाख रुपये लेकर फरार होने की साजिश रची थी। इस योजना में उसके रिश्तेदार और अन्य साथियों ने भी उसका साथ दिया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि कृष्णा साहू भारी कर्ज में डूबा हुआ था और आईपीएल सट्टेबाजी का आदी हो चुका था। इसी के चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
खम्हारडीह थाना प्रभारी मानसी साकोरे के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से 49 लाख 50 हजार रुपये नगद और एक कार भी जब्त की गई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।







