पाटन। थाना पाटन क्षेत्र में हुई घर में चोरी की वारदात का दुर्ग पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आरोपियों एवं चोरी का माल खरीदने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के जेवर एवं नगदी सहित कुल 1 लाख 43 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थिया के घर में हुई चोरी के मामले में थाना पाटन में अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही थी। चोरी की घटनाओं की रोकथाम एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना पाटन और एसीसीयू दुर्ग की संयुक्त टीम लगातार संदिग्धों पर नजर रख रही थी।
विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर 19 जून को संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। साथ ही चोरी किए गए जेवर रायपुर निवासी एक महिला को बेचने की जानकारी दी।
पुलिस ने आरोपियों तथा जेवर खरीदने वाली महिला के कब्जे से एक सोने का गुलबंद, एक जोड़ी सोने की एयररिंग एवं 10 हजार रुपये नगद बरामद किए। जप्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब 1.43 लाख रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में मानषु टंडन (20 वर्ष) निवासी ग्राम तरीघाट, अजित बंधेल (21 वर्ष) निवासी ग्राम सावनी, खिलेश्वर पटेल (23 वर्ष) निवासी ग्राम सावनी तथा चोरी का माल खरीदने वाली सिल्की देवांगन (33 वर्ष) निवासी चंगोराभाठा, रायपुर शामिल हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने आर्थिक लाभ प्राप्त करने की नीयत से चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। प्रकरण के खुलासे में थाना पाटन एवं एसीसीयू दुर्ग की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से घर एवं कीमती सामानों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।






