भिलाई | सुपेला थाना अंतर्गत रविवार की शाम फरीदनगर लाल मैदान के पास लगे एक दुर्गा पंडाल में आरती के दौरान एक तेज रफ्तार हाइवा घुस गया। वहां मौजूद 12 वर्ष का बच्चा उसकी चपेट में आकर घसीटता चला गया। हादसे में बच्चे का हाथ शरीर से अलग होकर गिर गया। बाद में लोगों ने हाइवा को रोककर उसमें तोड़फोड़ की और चालक को बुरी तरह पीटा।


भिलाईनगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि डेरा बस्ती के पास लगे माता के पंडाल में रविवार शाम 6-7 बजे के बीच आरती का आयोजन हो रहा था। वहां डेरा बस्ती व आसपास के लोग पहुंचे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार हाइवा घुस आया और सूर्या धुर्वे नाम के बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ दूर आगे जैसे ही भीड़ के चलते हाइवा रुका, लोगों ने उसे घेर लिया और चालक को जमकर पीटा और हाइवा में तोड़फोड़ की। लोगों ने घायल बच्चे को स्पर्श हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हाइवा चालक को लोगों से बचाया और उसे सुपेला अस्पताल इलाज के लिए भिजवाया।






