गणेश  विसर्जन के दौरान हुआ हंगामा, पुलिस पर लाठी चार्ज करने का आरोप, विरोध मे सिमगा चौक में चक्काजाम, बाजार बंद, पसरा सन्नाटा

सिमगा। गणेश विसर्जन के दौरान सिमगा में तड़के करीब 4 बजे विवाद के बाद हंगामा हो गया। घटना के बाद पुलिस कार्रवाई को लेकर लोगों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने पुलिस पर लाठीचार्ज करने का आरोप लगाया है। इस दौरान कई लोगों के घायल होने की भी सूचना सामने आई है।

लोगों का आरोप है कि विवाद के दौरान पुलिस ने तीन पार्षदों को भी दौड़ाकर पीटा। हालांकि, घटना को लेकर पुलिस का आधिकारिक पक्ष और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी सामने आना अभी बाकी है।

पुलिस कार्रवाई के विरोध में रविवार को सिमगा बंद रखा गया। बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। वहीं प्रदर्शनकारियों ने सिमगा चौक पर चक्काजाम कर सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया।

गणेश विसर्जन के दौरान हुए विवाद के बाद सिमगा में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। प्रदर्शनकारियों द्वारा पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की जा रही है।

फिलहाल प्रशासन और पुलिस की ओर से स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के वास्तविक कारण और लाठीचार्ज की परिस्थितियां जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।