गृह मंत्री विजय शर्मा के दौरे के एक दिन पहले पाटन में युवक की पीट-पीटकर हत्या, शराब दुकान के पास नर्सरी की घटना

पाटन। गृह मंत्री विजय शर्मा के सोनपुर दौरे से ठीक एक दिन पहले पाटन में युवक की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। घटना बुधवार देर शाम की बताई जा रही है। मृतक की पहचान ग्राम फुंडा निवासी रूपेश के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार पाटन शराब दुकान के पास स्थित नर्सरी में युवक के साथ मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल रूपेश की मौत होने की खबर है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

गौरतलब है कि गृह मंत्री विजय शर्मा आज 20 अगस्त को सोनपुर के दौरे पर रहेंगे। जिस स्थान पर यह घटना हुई, वहां से सोनपुर की दूरी करीब 5 किलोमीटर है, जबकि पाटन थाना घटनास्थल से महज डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

घटना के कारणों और मारपीट में शामिल आरोपियों को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के संबंध में पुलिस की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।