भाजयुमो नेता पर जानलेवा हमला, घटना की वायरल वीडियो में  गांव के ही तीन युवक पर आरोप, पाटन थाना क्षेत्र का मामला, पढ़िए पूरी खबर

पाटन।
पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम रूही में भाजपा युवा मोर्चा के कोषाध्यक्ष पर कथित जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। हमले में घायल युवक की पहचान ग्राम रूही निवासी रोशन सिंगोंर के रूप में हुई है। घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें रोशन सिंगोंर लहूलुहान अवस्था में नजर आ रहा है।

वायरल वीडियो में रोशन सिंगोंर यह कहते हुए दिखाई दे रहा है कि ग्राम रूही में गुंडागर्दी बढ़ गई है। वीडियो में वह ग्राम पंचायत रूही के पंच ओमप्रकाश सिंगोंर, देवेंद्र ठाकुर और भूपेश सिंगोंर का नाम लेते हुए उन पर हमला करने का आरोप लगाता नजर आ रहा है।

वीडियो में घायल युवक यह भी दावा कर रहा है कि सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल छोड़कर चली गई।

हालांकि, सीजी मितान इस वायरल वीडियो की सत्यता एवं उसमें लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।