घास भूमि पर मुरूम डालकर बनाया कच्चा रास्ता, ग्रामीणों में नाराजगी, आज कौही में आयोजित सुशासन शिविर में सौंपेंगे ज्ञापन

पाटन। ग्राम अमलीडीह में घास भूमि पर मुरूम डालकर कच्चा रास्ता बनाए जाने को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्रामीणों ने इसका विरोध करते हुए कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर आज कौही में आयोजित सुशासन शिविर में ग्रामीण ज्ञापन सौंपेंगे।

सरपंच श्रीमती कमलेश्वरी साहू ने बताया कि रायपुर निवासी मनीष शर्मा द्वारा ग्राम अमलीडीह की घास भूमि पर बिना अनुमति मुरूम डालकर सड़क बनाई जा रही है। ग्रामीणों द्वारा कई बार मना करने के बावजूद काम जारी रखा गया।

सरपंच का कहना है कि इस कार्य के लिए पंचायत से किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि घास भूमि पर किए जा रहे अवैध निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाई जाए और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए।

ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक भूमि पर इस तरह निर्माण होने से भविष्य में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। मामले को लेकर गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है।