युवा प्रकोष्ठ सर्व यादव समाज की जिला स्तरीय बैठक संपन्न, युवाओं को रोजगार और गौधाम योजना जैसे मुद्दों पर हुई विशेष चर्चा

पंडरिया- युवा प्रकोष्ठ सर्व यादव समाज की जिला स्तरीय बैठक रविवार दोपहर 1 बजे यादव सामाजिक भवन, कवर्धा में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चंद्रेश यादव ने की। इस दौरान समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की उपस्थिति में संगठन की गतिविधियों, युवाओं की भूमिका और आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर चर्चा की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि युवा प्रकोष्ठ के सभी आयोजन और कार्यक्रम वरिष्ठ पदाधिकारियों के मार्गदर्शन एवं अनुमति के उपरांत ही किए जाएंगे। साथ ही संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक माह नियमित बैठक आयोजित करने पर सहमति बनी। लगातार तीन बैठकों में अनुपस्थित रहने वाले पदाधिकारियों एवं सदस्यों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई करने का प्रस्ताव भी रखा गया।

बैठक में युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, आर्थिक सशक्तिकरण, जन-जागरूकता और जिले के प्रत्येक ब्लॉक में पंजीयन शिविर आयोजित करने को लेकर अभियान चलाने पर चर्चा हुई। इसके अलावा गौधाम योजना के अंतर्गत चरवाहों एवं गौसेवकों के पदों पर यादव बंधुओं को चयनित और नियुक्ति के लिए जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपने और इस संबंध में नियमित आवेदन करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने तथा समाज के युवाओं को सामाजिक कार्यों से जोड़ने पर जोर दिया गया। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने समाजहित में मिलकर कार्य करने की बात कही। बैठक में चंद्रेश यादव जिला अध्यक्ष, चंद्रकांत यादव उपाध्यक्ष, राकेश यादव सचिव, रूपेश यादव महामंत्री, कोमल यादव सहसचिव, राजेंद्र यादव कोषाध्यक्ष, श्याम यादव महासचिव, अमित यादव, गोपाल यादव, प्रेमप्रकाश यादव, प्रदीप यादव एवं अन्य सदस्य उपस्थित थे।