कुत्ता सामने आने से अनियंत्रित हुई स्कूटी, दो शिक्षिकाएं सड़क हादसे में घायल, एक शिक्षिका की हालत गंभीर, युवा समाजसेवी अश्वनी टंडन ने तत्परता दिखाते हुए पहुंचाया अस्पताल

जामुल। स्कूल की छुट्टी होने के बाद घर लौट रही दो शिक्षिकाएं सड़क दुर्घटना का शिकार हो गईं। हादसे में दोनों शिक्षिकाएं घायल हो गईं, जिनमें से एक की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। घटना जामुल के पास की है।

मिली जानकारी के अनुसार, दोनों शिक्षिकाएं जामुल स्थित एक निजी स्कूल में अध्यापन कार्य करती हैं और अहिवारा में निवास करती हैं। स्कूल की छुट्टी के बाद दोनों एक ही स्कूटी से अहिवारा स्थित अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान अचानक स्कूटी के सामने एक कुत्ता आ गया। उसे बचाने के प्रयास में स्कूटी अनियंत्रित हो गई और दोनों शिक्षिकाएं सड़क पर गिरकर घायल हो गईं।

घटना के बाद मौके पर मौजूद युवा समाजसेवी अश्वनी टंडन ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को अपने वाहन से तत्काल सेक्टर-9 अस्पताल पहुंचाया। वहां से बेहतर उपचार के लिए उन्हें भिलाई स्थित निजी अस्पताल स्पर्श में भर्ती कराया गया।

बताया जा रहा है कि एक शिक्षिका की हालत काफी गंभीर है। फिलहाल दोनों का अस्पताल में उपचार जारी है। इस घटना ने एक बार फिर सड़क पर अचानक पशुओं के सामने आने से होने वाली दुर्घटनाओं के खतरे को उजागर किया है।