पाटन। पाटन विधानसभा क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। अमलेश्वर थाना क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े एक महिला शिक्षिका से पिस्तौल की नोक पर लूट की वारदात सामने आई। घटना में शिक्षिका के साथ ई-रिक्शा चालक भी घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, महिला शिक्षिका जामगांव एम स्थित स्कूल से छुट्टी के बाद ई-रिक्शा से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान बटंग के पास बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे और ई-रिक्शा को रोककर पिस्तौल दिखाते हुए शिक्षिका से लूटपाट की। वारदात के दौरान बदमाशों की धक्का-मुक्की में शिक्षिका और ई-रिक्शा चालक घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलने पर अमलेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी हुई है।

लगातार बढ़ रही घटनाओं से दहशत
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही पाटन थाना क्षेत्र के एक गांव में स्कूल के पास दो नाबालिगों द्वारा उसी विद्यालय के एक छात्र को मारने की धमकी देने का मामला सामने आया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय नागरिकों ने स्कूलों के आसपास और प्रमुख मार्गों पर पुलिस गश्त बढ़ाने तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।






