मिर्च पाउडर झोंककर मछली कारोबारी की निर्मम हत्या, ताबड़तोड़ 40 से अधिक बार चाकू के वार से मौत, क्षेत्र में सनसनी


धमतरी। जिले में रविवार को हत्या की एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। नगरी-गरियाबंद मार्ग पर अज्ञात बदमाशों ने एक मछली कारोबारी की 40 से अधिक बार चाकू से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, वहीं पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान विपलभ मंडल के रूप में हुई है, जो मछली कारोबार से जुड़े थे। बताया जा रहा है कि घटना के समय वे अपने एक साथी के साथ मौजूद थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और पहले उनके साथी की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया, जिससे वह असहाय हो गया। इसके बाद बदमाशों ने विपलभ मंडल पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार आरोपियों ने कारोबारी पर 40 से अधिक वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही नगरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। हत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमों का गठन किया गया है और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। इस जघन्य हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।