रिकॉर्ड्स की झड़ी: IPL में सर्वोच्च स्कोर बनाने वाले भारतीय बने केएल, इस मामले में रैना-धोनी को पीछे छोड़ा

IPL2026.केएल राहुल ने पंजाब किंग्स के खिलाफ नाबाद 152 रन बनाकर रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी है। राहुल ने दमदार बल्लेबाजी की और नाबाद रहकर पवेलियन लौटे। राहुल आईपीएल में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।

दिल्ली कैपिटल्स के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने पंजाब किंग्स के खिलाफ दमदार बल्लेबाजी की। राहुल ने इस मैच में अपने आईपीएल करियर का छठा शतक लगाया, जबकि अपनी शानदार पारी से रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। केएल ने इस मैच में 67 गेंदों पर 16 चौकों और नौ छक्कों की मदद से नाबाद 152 रन बनाए जो आईपीएल में किसी भारतीय बल्लेबाज का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है। 

नाबाद रहे केएल राहुल
केएल राहुल और नीतीश राणा के बीच दूसरे विकेट के लिए हुई साझेदारी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स को 265 रनों का लक्ष्य दिया। दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में दो विकेट पर 264 रन बनाए। राहुल और नीतीश ने दमदार साझेदारी की जिससे दिल्ली पंजाब के सामने विशाल लक्ष्य रखने में सफल रही। केएल राहुल जहां नाबाद लौटे, जबकि नीतीश 44 गेंदों पर 11 चौकों और चार छक्कों की मदद से 91 रन बनाकर पवेलियन लौटे।  

अभिषेक को पीछे छोड़ा
राहुल ने नाबाद 152 रनों की पारी खेलकर अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ दिया है। राहुल से पहले आईपीएल में सर्वोच्च व्यक्तिगत रन का रिकॉर्ड अभिषेक के नाम ही था जिन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हुए पंजाब किंग्स के खिलाफ 2025 में 141 रन बनाए। ओवरऑल आईपीएल में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है जिन्होंने 2013 में आरसीबी के लिए खेलते हुए पुणे के खिलाफ नाबाद 175 रन बनाए थे। इस सूची में दूसरे स्थान पर ब्रेंडन मैकुलम हैं जिन्होंने 2008 में आईपीएल इतिहास के पहले ही मैच में आरसीबी के खिलाफ नाबाद 158 रनों की पारी खेली थी। 

आईपीएल में सर्वाधिक रन बनाने वाले पांचवें बल्लेबाज
केएल राहुल आईपीएल में सर्वाधिक रन बनाने वाले पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं। राहुल अब तक इस टूर्नामेंट में 5579 रन बन चुके हैं। उन्होंने इस मामले में सुरेश रैना और महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ दिया है। रैना ने आईपीएल में 5528 रन बनाए हैं, जबकि धोनी के नाम 5439 रन हैं। आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है जो अब तक 8989 रन बना चुके हैं। दूसरे स्थान पर रोहित शर्मा है जिन्होंने 7183 रन बनाए हैं। शिखर धवन 6769 रन और डेविड वॉर्नर 6565 रन बनाकर क्रमश: तीसरे और चौथे स्थान पर हैं। 

केएल राहुल पुरुष टी20 क्रिकेट में 150+ रन बनाने वाले दूसरे भारतीय हैं। उनसे पहले तिलक वर्मा टी20 क्रिकेट में ऐसा कर चुके हैं। तिलक ने 2024/25 सीजन में हैदराबाद के लिए खेलते हुए मेघालय के खिलाफ 151 रन बनाए थे। राहुल हालांकि, टी20 क्रिकेट में भारत के लिए सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। अभिषेक इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने बंगाल के खिलाफ 2025 में 148 रन बनाए थे।