भिलाई। दुर्ग पुलिस ने अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए छावनी थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 34, कैंप-1 स्थित एक घर में चल रहे जुए के फड़ पर दबिश दी। पुलिस ने मौके से 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 3 लाख 16 हजार 930 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश और 12 मोबाइल फोन जप्त किए गए हैं। जप्त सामग्री की कुल कीमत करीब 5 लाख 16 हजार 930 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार छावनी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि वार्ड 34 कैंप-1 में एक घर के अंदर कुछ लोग अवैध रूप से जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना छावनी पुलिस एवं एसीसीयू की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान 12 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक जुआ खेलने का उद्देश्य अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करना था।

गिरफ्तार आरोपियों में महेंद्र कुमार सोनकर (52), कलीम खान (67), जी. शिवा शंकर राव (47), आशीष ताम्रकार (42), श्रीधर्मांझी (55), प्रेम प्रेमचंद (51), ऐन धन राजू (44), भगवत प्रसाद (60), सपन चंद्र डे (54), राजेंद्र कुमार कौशिक (61), दिनेश साओ (42) और बलजिन्दर सिंह (52) शामिल हैं। सभी अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
5.16 लाख रुपये की जप्ती
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 3,16,930 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश तथा विभिन्न कंपनियों के 12 टच स्क्रीन मोबाइल, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये है, जप्त किए। कुल जप्ती का मूल्य 5,16,930 रुपये बताया गया है।
जुआ-सट्टे के खिलाफ कार्रवाई जारी
दुर्ग पुलिस ने कहा कि थाना क्षेत्र में अवैध जुआ गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी है। कार्रवाई में थाना छावनी एवं एसीसीयू की टीम की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस ने आम नागरिकों से जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही ऐसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने कहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




