नवापारा-राजिम। स्थानीय पी.एम.श्री हरिहर सेजेस, गोबरा नवापारा एवं शासकीय हरिहर पूर्व माध्यमिक शाला में चार माह के अध्यापन कार्य के समापन पर बी.एड. प्रशिक्षु शिक्षकों के लिए भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रशिक्षुओं की ओर से विद्यालय में ‘न्योता भोज’ का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक स्वादिष्ट भोजन का आनंद लिया।

विदाई की बेला में भावुक हुए विद्यार्थी
चार माह के इस सफर में प्रशिक्षु शिक्षकों ने किताबी ज्ञान के साथ-साथ खेल और जीवन के अनुभव साझा कर बच्चों के साथ आत्मीय रिश्ता बना लिया था। विदाई के समय विद्यालय का माहौल बेहद भावुक हो गया। नन्हे-मुन्ने बच्चे अपने प्रिय शिक्षकों के हाथ पकड़कर उन्हें रोकने का प्रयास करते दिखे। बच्चों ने नम आँखों से अपने प्रशिक्षु शिक्षकों को पेन, डायरी और गुलदस्ते भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान आंचल साहू, लिलेश्वरी साहू, अंतरा वर्मा, तोशिका साहू, उमा चेलक, मोनिमा चेलक, जय यादव, हिरेन्द्र साहू, स्मित शर्मा और भावेश मिश्रा सहित अन्य विद्यार्थियों का विशेष स्नेह देखने को मिला।

न्योता भोज का आयोजन
विद्यालय के प्रति अपनी आत्मीयता व्यक्त करने और बच्चों के साथ खुशियाँ बाँटने के उद्देश्य से बी.एड. प्रशिक्षुओं द्वारा शाला प्रांगण में न्योता भोज दिया गया। इसमें सभी बच्चों को पूरी, चना और जलेबी वितरित की गई।

शिक्षकों ने दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ
समारोह में पी.एम.श्री हरिहर सेजेस के प्राचार्य महेश नेताम तथा शासकीय हरिहर पूर्व माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक आलोक सिंह ठाकुर सहित अन्य शिक्षकों ने प्रशिक्षुओं के समर्पण और बच्चों के प्रति उनके व्यवहार की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में लीना देवांगन, कुन्तल देवांगन, सौरभ साहू, भोमेश देवांगन, ओंमकार साहू, चंद्रकांत धनकर, डॉली साहू, अल्फिया बानो, विनोद साहनी, अश्वनी साहू और बी.एल. साहू प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। विदा लेने वाले बी.एड. प्रशिक्षु शिक्षकों में दीपक साहू, मनीष कुमार, योगेश, करुणा, वंशिका तिवारी, रजनी एक्का एवं टिंकल राज राठिया शामिल थे।






