पाटन। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आदिवासी युवा गोंड समाज, युवा प्रभाग एवं महिला प्रभाग तथा समस्त कार्यकारिणी गण, पाटन राज द्वारा 9 अगस्त 2026 (रविवार) को पाटन में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में समाज की ओर से आमंत्रण पत्र जारी कर समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है। समाज के महिला प्रभाग के माधुरी मांडवी, युवा प्रभाग के अनिल ठाकुर ,जीवन ठाकुर ने बताया कि आयोजन की शुरुआत सुबह 8 बजे बड़ादेव सेवा-अर्चना से होगी। इसके बाद सुबह 8:30 बजे भव्य रैली निकाली जाएगी। सुबह 11 बजे से अतिथियों के आगमन, उद्घाटन, सम्मान समारोह एवं मंचीय कार्यक्रम का आयोजन स्वामी आत्मानंद ऑडिटोरियम, पाटन में किया जाएगा। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “युवा शक्ति और शिक्षा और जागरूकता, आदिवासी युवाओं का सशक्त भविष्य” रखी गई है। कार्यक्रम के दौरान जल, जंगल, जमीन और संवैधानिक अधिकार, सांस्कृतिक धरोहर, भाषा और पहचान का संरक्षण, युवा नेतृत्व और शिक्षा में आधुनिकता तथा आर्थिक आत्मनिर्भरता और उद्यमिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। समाज की ओर से जारी संदेश में सभी लोगों से विश्व आदिवासी दिवस को उत्सव के रूप में मनाने तथा अपने-अपने घरों में शाम के समय दीप प्रज्वलित करने की अपील की गई है। साथ ही रैली में नशापान कर शामिल नहीं होने का आग्रह भी किया गया है। कार्यक्रम का समापन सामूहिक रेला नृत्य के साथ होगा। आयोजन समिति ने समाज के सभी सदस्यों एवं नागरिकों से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।







