अण्डा। श्री विष्णु धाम महायज्ञ एवं धार्मिक महोत्सव के ओटेबंद में भव्य रथयात्रा का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया गया। रथयात्रा में भगवान की आकर्षक झांकी को सुसज्जित रथ में विराजमान कर पूरे गांव में भ्रमण कराया गया। मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया तथा जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
रथयात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा एवं बच्चे शामिल हुए। श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए भगवान के रथ के साथ चल रहे थे। जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पूजा-अर्चना एवं आरती कर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया गया।

आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि श्री विष्णु धाम महायज्ञ के दौरान विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेकर धर्म लाभ प्राप्त कर रहे हैं। रथयात्रा के सफल आयोजन में समिति के पदाधिकारियों, ग्रामवासियों एवं स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए आगामी धार्मिक आयोजनों में भी अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।







