पाटन। युवा दुर्गोत्सव समिति पाटन द्वारा इस वर्ष स्वामी आत्मानंद चौक, जनपद कार्यालय के सामने भव्य दुर्गोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस बार समिति द्वारा मां दंतेश्वरी मंदिर के प्रतिरूप में आकर्षक पंडाल तैयार कराया जा रहा है। पंडाल निर्माण का कार्य इन दिनों तेजी से जारी है।

समिति के अनुसार पाटन नगर के इतिहास में पहली बार मां दंतेश्वरी मंदिर के प्रतिरूप में इस तरह का भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है। पंडाल को लेकर नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है। नवरात्रि के दौरान पंडाल और मंदिर के प्रतिरूप को देखने बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

युवा दुर्गोत्सव समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य तैयारियों में जुटे हुए हैं। पंडाल के साथ ही नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम एवं सेवा-भजन का आयोजन भी किया जाएगा।

समिति के उपाध्यक्ष निशांत त्रिपाठी ने बताया कि प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी दुर्गोत्सव को भव्य रूप देने की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। मां दंतेश्वरी मंदिर के प्रतिरूप में तैयार हो रहे पंडाल को आकर्षक बनाने के लिए समिति के सदस्य लगातार कार्य कर रहे हैं। नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक आयोजन भी किए जाएंगे।






