पाटन विधानसभा क्षेत्र के पाँचों मंडलों की भाजपा महिला पदाधिकारियों एवं महिला कार्यकर्ताओं द्वारा हर्षोल्लास और उमंग के साथ विधानसभा स्तरीय भव्य सावन महोत्सव का आयोजन किया गया। इस उत्सव में सावन के पारंपरिक गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच उत्सव का अनूठा रंग देखने को मिला।

कार्यक्रम में पाटन क्षेत्र की महिला कार्यकर्ताओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, महिला सरपंचों सहित ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में मातृशक्ति और बहनों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। उत्सव के दौरान पूरा माहौल सावन के उल्लास से सराबोर नजर आया।


सावन की हरियाली और उत्सव के खुशनुमा वातावरण के बीच महिलाओं के लिए रस्साकशी, कुर्सी दौड़ सहित विभिन्न मनोरंजक खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। महिला कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया और कार्यक्रम का आनंद उठाया।

इस अवसर पर जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने कहा कि सावन महोत्सव केवल मनोरंजन का अवसर नहीं, बल्कि महिला शक्ति के आपसी स्नेह, एकजुटता और सामाजिक समरसता का सुंदर माध्यम है। ऐसे आयोजन महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने, अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और संगठनात्मक भावना को और मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा की महिला शक्ति संगठन की मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। पाटन विधानसभा के पाँचों मंडलों की महिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का यह उत्साह निश्चित रूप से नारी शक्ति की एकजुटता और संगठन के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
सावन की रिमझिम फुहारों, हंसी-खुशी और खेलकूद से पूरा वातावरण उत्सवमय हो उठा। कार्यक्रम में महिलाओं की सामूहिक सहभागिता ने सावन महोत्सव को यादगार बना दिया।

श्रीमती कीर्ति नायक ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी महिला पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, सरपंचगण एवं उपस्थित मातृशक्ति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “सावन की हरियाली, नारी शक्ति की खुशहाली और संगठन की शक्ति—महिला शक्ति” का यह संदेश समाज में नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार करता है।







