भिलाई-3। राम नवमी के पावन एवं मंगलमय अवसर पर भिलाई-3 थाना क्षेत्र स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण से भगवान श्री रामचन्द्र की भव्य एवं दिव्य शोभायात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई। “जय श्री राम” के गगनभेदी जयघोष से समूचा नगर भक्तिरस में डूब गया और चारों ओर आस्था का अद्भुत वातावरण निर्मित हुआ।

शोभायात्रा में जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक, भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री राहुल टिकरिहा, भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष श्री पुरुषोत्तम देवांगन सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
भव्य शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां, सुसज्जित रथ, भगवा ध्वज, ढोल-नगाड़ों की गूंज एवं भक्ति संगीत ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। नगर के विभिन्न मार्गों से होकर निकली इस शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने भगवान श्री राम के जीवन मूल्यों—मर्यादा, सत्य, करुणा, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और न्याय—को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि श्री राम का आदर्श जीवन हमें सद्भाव, अनुशासन और सेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में स्थानीय नागरिकों, युवाओं, मातृशक्ति एवं सामाजिक संगठनों की सराहनीय सहभागिता रही।
“जय श्री राम” के जयघोष के साथ भिलाई-3 पूरी तरह राममय हो उठा।






