कोरबा/पाली । रामनवमी के अवसर पर राम मंदिर में जहां विधि- विधान के साथ भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव मनाया गया, वहीं सर्व हिंदु समाज की ओर से बहुप्रतीक्षित भव्य शोभायात्रा निकालकर आपस में पर्व की खुशियां बांटी गई। इस दौरान जगह- जगह प्रसाद वितरण के साथ राम मंदिर में भंडारा का आयोजन हुआ।
नवरात्रि की समाप्ति के साथ ही दूसरे दिन यानि बीते रविवार 10 अप्रैल को श्रीराम जन्मोत्सव रामनवमी मनाई गई। भीषण गर्मी होने के बावजूद इस पर्व को मनाने लोगो मे अपार उत्साह देखने को मिला। जहां नगर मुख्यमार्ग किनारे स्थित राम मंदिर में विधि- विधान से सीता- राम व उनके परम भक्त हनुमान की मंत्रोच्चार के साथ पूजा आरती करते हुए और भय प्रकट कृपाला, दीन दयाला, कौशिल्या हितकारी भजन गाते हुए भगवान का जन्मदिन मनाया गया। जिसके पश्चात राम मंदिर से श्रीराम दरबार की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। गाजे- बाजे, आकर्षक लाईट के साथ निकली शोभायात्रा में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए, जो पसीने में लथपथ होने के बाद भी डीजे की राम धुन में थिरकते नजर आए। इस दौरान रंग- बिरंगे आतिशबाजी की गई और पूरा नगर श्रीराम के जयघोष से गूंज उठने के साथ भगवा रंग से सराबोर रहा। देवालयों, मुख्यमार्ग से लेकर चौंक- चौराहों में भगवा ध्वज लहराए गए। शोभायात्रा के दौरान रामभक्तों का जगह- जगह स्वागत के साथ धार्मिक संगठनों एवं भक्तों द्वारा तरह तरह से शर्बत, ठंडा पानी, आइसक्रीम, फल आदि प्रसाद के रूप में वितरण किये गए। शोभायात्रा में तलवारें, फरसे, कटार, भाले, त्रिशूल नचाकर खूब प्रदर्शन भी किया गया। नगर भ्रमण के बाद शोभायात्रा पुनः राममंदिर पहुँची जहां भंडारा का आयोजन किया गया था, नगर के सर्वाधिक व आसपास क्षेत्र से पहुँचे श्रद्धालुओं ने जिसका लाभ लिया।