अष्टभुजी शक्तिपीठ दुर्गा मंदिर उमरगांव में 13 से 17 अगस्त तक होगा भव्य श्रावण मास महापर्व का आयोजन

नगरी/सिहावा, बेलरगांव।श्रावण मास के पावन अवसर पर ग्राम उमरगांव स्थित अष्टभुजी शक्तिपीठ दुर्गा मंदिर में 13 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक पांच दिवसीय “श्रावण मास महापर्व” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। आयोजन में भव्य महा रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय मंत्र जाप एवं महामृत्युंजय महायज्ञ सहित विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।

आयोजन के संयोजक आचार्य पंडित द्वारिका प्रसाद पाण्डेय जी ने बताया कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना का विशेष पावन समय माना जाता है। इसी भावना के साथ श्रद्धालुओं को भगवान शिव की उपासना, रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय मंत्र जाप एवं महायज्ञ में सहभागी बनने का अवसर प्रदान किया जा रहा है।

पांच दिनों तक होंगे विशेष धार्मिक आयोजन

कार्यक्रम का शुभारंभ 13 अगस्त 2026, गुरुवार को प्रातः 10 बजे से होगा। प्रथम दिवस मंगलाचरण एवं वेद आह्वान, वेद पूजन, मृदा शिवलिंग निर्माण, शिव महापुराण कथा, महा रुद्राभिषेक तथा महामृत्युंजय मंत्र जाप के साथ विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। शाम 5 बजे महाआरती होगी।

14 अगस्त को द्वितीय दिवस में वेदी पूजन, मृदा शिवलिंग निर्माण, शिव महापुराण कथा, महा रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय मंत्र जाप तथा कालसर्प दोष निवारण पूजन होगा।

15 अगस्त को तृतीय दिवस में वेदी पूजन, मृदा शिवलिंग निर्माण, शिव महापुराण कथा, महा रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय मंत्र जाप तथा विशेष शत्रुशांति एवं दोष निवारण पूजन किया जाएगा।

16 अगस्त को चतुर्थ दिवस में वेदी पूजन, मृदा शिवलिंग निर्माण, शिव महापुराण कथा, महा रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय मंत्र जाप एवं विशेष शिव पूजन होगा।

17 अगस्त 2026, सोमवार को पंचम दिवस के अवसर पर वेदी पूजन, महा रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय मंत्र जाप, पूर्णाहुति, महामृत्युंजय महायज्ञ, हवन एवं पूर्णाहुति तथा महाप्रसाद एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा। शाम 5 बजे भव्य महाआरती के साथ पांच दिवसीय आयोजन का समापन होगा।

श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था

आयोजकों के अनुसार महापर्व में श्रद्धालुओं एवं यजमान परिवारों के लिए विशेष धार्मिक व्यवस्था की गई है। आयोजन शुल्क ₹3,100 प्रति परिवार निर्धारित किया गया है। आयोजन में सम्मिलित होने वाले यजमान परिवारों को पूजा-अनुष्ठान में सहभागिता का अवसर मिलेगा।

आयोजन में प्रतिदिन सीमित संख्या में यज्ञ एवं पूजा-अनुष्ठान के लिए यजमान परिवारों का पंजीयन किया जाएगा। श्रद्धालुओं से आयोजन स्थल पर उपस्थित होकर समय पर पंजीयन कराने की अपील की गई है।

आयोजन स्थल

अष्टभुजी शक्तिपीठ दुर्गा मंदिर, ग्राम उमरगांव, तहसील नगरी, जिला धमतरी (छत्तीसगढ़)।

आयोजक मंडल ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमी नागरिकों एवं शिवभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में आयोजन में सहभागी होकर भगवान भोलेनाथ की आराधना एवं महापर्व को सफल बनाने की अपील की है।